इंजीनियरिंग प्रवेश-परीक्षा जेईई-मेन का परीक्षा परिणाम 20 अप्रैल को जारी किए जाने की संभावना है। इसकी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से सूचना जारी की गई है। जेईई-मेन के परीक्षा-परिणाम में स्टूडेंटस की ऑल इंडिया रैंक्स, जेईई-एडवांस के लिए क्वालिफाइड 2.5-लाख विद्यार्थियों की सूचना के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से 100-परसेंटाइल हासिल करने वाले स्टूडेंटस की संख्या भी घोषित की जाएगी। अप्रैल सेशन खत्म होने के साथ ही स्टूडेंट और पेरेंटस को रिजल्ट का इंतजार बना है। सभी को इस बात का इंतजार है कि क्या साल 2025 की तरह इस साल भी राजस्थान राज्य से सबसे ज्यादा स्टूडेंटस 100-परसेंटाइल हासिल कर सकेंगे। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि साल 2025 में कुल 24 स्टूडेंटस ने 100-परसेंटाईल प्राप्त किया था। वहीं इस साल जेईई के पहले सेशन में कोटा से स्टूडेंटस का बेहतर प्रदर्शन रहा था। उसी के आधार पर यह उम्मीद की जा रही है कि टॉप दस में कोटा कोचिंग के स्टूडेंटस रैंक पर आएंगे। 100 परसेंटाइल प्राप्त करने वाले 7 स्टूडेंट राजस्थान से थे देव शर्मा ने बताया कि पिछले साल जेईई मेन में 100 परसेंटाइल हासिल करने वाले स्टूडेंटस की संख्या के आधार पर राजस्थान राज्य ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। राजस्थान राज्य से सर्वाधिक 7- विद्यार्थियों अनस, आयुष सिंघल, लक्ष्य शर्मा, रजत गुप्ता, सक्षम जिंदल, अर्णव सिंह और ओमप्रकाश बेहेरा ने 100 परसेंटाइल स्कोर हासिल किया था। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना से तीन-तीन तथा दिल्ली-एनसीटी, पश्चिम बंगाल और गुजरात से दो-दो विद्यार्थियों ने 100-परसेंटाइल स्कोर प्राप्त किया था। महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक से एक-एक विद्यार्थी ने 100-परसेंटाइल स्कोर हासिल किया था।