राजस्थान में गर्मी अब तेज होने लगी है। जयपुर में 18 अप्रैल को सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। जयपुर के अलावा 18 शहरों में शनिवार को अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। झुंझुनूं, अलवर के एरिया में शनिवार दिन में हीटेवव का प्रभाव रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में आगामी 3-4 दिन राज्य में तेज गर्मी और हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। बादल छाए, धूलभरी हवा भी चली पिछले 24 घंटे में जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, फलोदी में हल्के बादल छाए रहे। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ के अलावा जैसलमेर में सुबह से दोपहर तक कुछ स्थानों पर धूलभरी हवा चली। जबकि कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के एरिया में दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। रविवार के मौसम की दो तस्वीरें… अब मैप पर देखिए- सबसे गर्म शहर बढ़ती गर्मी के कारण हेल्थ डिपार्टमेंट अलर्ट पर रेगिस्तानी जिलों के साथ कोटा में भी तापमान 42 डिग्री के करीब है। यहां हीटवेव की आशंका के चलते हेल्थ डिपार्टमेंट ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बढ़ते तापमान और हीट स्ट्रोक की आंशकाओं को देखते हुए चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर है। हॉस्पिटल में लू-गर्मी के मरीजों के लिए अलग वार्ड भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा गर्मी से बचाव के लिए डॉक्टर्स ने एडवाइजरी भी जारी की है। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले दो दिन के अंदर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। इस दौरान राज्य के कई जिलों में हीटवेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के प्रमुख शहरों में गर्मी का हाल… जयपुर: सीजन का सबसे गर्म दिन राजधानी जयपुर में शनिवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। सुबह से आसमान साफ रहने से तेज धूप रही। दिन में लोगों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में थोड़ी कम रही। शनिवार को जयपुर में दिन में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रविवार सुबह जयपुर में हल्के बादल छाए हुए हैं। कोटा : पारा 42 के पार पहुंचा कोटा में तापमान बढ़ने लगा है। सीजन में पहली बार पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है, मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। यहां पारा 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिन के साथ रात में गर्मी बढ़ी है। न्यूनतम तापमान तापमान 30 डिग्री पार हो गया। अजमेर : गर्मी और उमस ने परेशान किया शनिवार को दिनभर तेज धूप और उमस भी रही। गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों अलग-अलग उपाय करते दिखे। गर्मी और लू से बचने के लिए लोग मुंह पर कपड़ा बांधने के साथ छातों का इस्तेमाल कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच गया। अलवर : शाम को चली तेज हवा अलवर में बढ़ती तपिश ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। शनिवार शाम को जिले में तेज हवा और आंधी चली, जिससे कुछ देर के लिए मौसम में बदलाव आ गया। शनिवार को फिर से तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ गया। इस दिन अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार सुबह से फिर गर्मी बढ़ने लगी है। उदयपुर : तेज धूप ने झुलसाया उदयपुर में भी शनिवार को अधिकतम तापमान 40 से ऊपर चला गया। तेज धूप की वजह से लोगों को खासी परेशानी का सामाना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में थोड़ी और बढ़ोतरी हो सकती है। गर्मी बढ़ने के कारण टूरिस्ट की संख्या भी शहर में कम हो गई है। जोधपुर : गर्मी ने दिखाए तेवर जोधपुर में गर्मी का असर जारी है। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। आसमान साफ और धूप तेज रही शाम को थोड़े बादल छाए रहे। जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि, शहर का मौसम अब साफ बना हुआ है।