उदयपुर की मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के वाणिज्य महाविद्यालय (कॉमर्स कॉलेज) ने नए सेशन 2026-27 के लिए बी.कॉम. फर्स्ट सेमेस्टर की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। यह लिस्ट कॉलेज की 170 कोर सीटों के लिए निकाली गई है। जिन स्टूडेंट्स ने एडमिशन के लिए फॉर्म भरा था, वे कॉलेज के नोटिस बोर्ड या यूनिवर्सिटी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना नाम चेक कर सकते हैं। कॉलेज प्रशासन ने साफ किया है कि इसके बाद अगली मेरिट लिस्ट 30 जून को जारी की जाएगी। कॉमर्स कॉलेज के डीन प्रो. शूरवीर सिंह भाणावत ने बताया कि इस पहली अस्थाई मेरिट लिस्ट में जिन स्टूडेंट्स का नाम आया है, उन्हें अपनी सीट पक्की करने के लिए जल्द से जल्द फीस जमा करानी होगी। इसके लिए ऑनलाइन फीस जमा करने की तारीख 26 जून से 29 जून तक तय की गई है। स्टूडेंट्स को इसी तय समय में अपनी फीस ऑनलाइन मोड में ट्रांसफर करनी होगी। एडमिशन कमेटी की संयोजक डॉ. शिल्पा वर्डिया ने बताया कि इस बार जनरल कैटेगरी की कटऑफ 87.6 प्रतिशत रही है। वहीं ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) की कटऑफ 80 प्रतिशत गई है। अनुसूचित जाति (एससी) की कटऑफ 68.20 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की कटऑफ 54.60 प्रतिशत रही है। डॉ. वर्डिया ने कहा कि जो भी स्टूडेंट 29 जून तक अपनी फीस जमा नहीं कराएगा, उसका एडमिशन अपने आप कैंसिल हो जाएगा। इसके बाद बची हुई सीटों पर अगली लिस्ट के स्टूडेंट्स को मौका दिया जाएगा। इधर, बी वॉक की संयोजक डॉ. आशा शर्मा ने बताया कि बी वॉक फर्स्ट सेमेस्टर में एडमिशन के लिए भी मेरिट लिस्ट बहुत जल्द वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। कॉलेज एडमिनिस्ट्रेशन ने सभी स्टूडेंट्स से अपील की है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय पर ऑनलाइन फीस जमा कर दें, ताकि एडमिशन का पूरा काम बिना किसी परेशानी के पूरा हो सके। स्टूडेंट्स इस बात का ध्यान रखें कि केवल लिस्ट में नाम आने से एडमिशन पक्का नहीं होगा, जब तक कि फीस जमा होने की रसीद जनरेट न हो जाए। देरी करने पर यह सीट वेटिंग लिस्ट वाले दूसरे स्टूडेंट्स को दे दी जाएगी।
