नगरीय निकाय चुनाव में सीकर जिले के 10 शहरों की सरकार के लिए कल यानि बुधवार को मतदान होगा। जिले में पहले चरण के तहत फतेहपुर नगर परिषद, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, दांता, रींगस, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़, खंडेला, नीमकाथाना और खाटूश्यामजी नगर पालिका में 9 सितंबर को वोटिंग होगी। इन निकायों में वोटर्स सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने वार्ड के पार्षद पद के प्रत्याशी के लिए वोट डाल सकेंगे। जिले के बाकी 4 निकायों में 11 सितंबर को वोटिंग होगी। सभी निकायों के वोटों की काउंटिंग 14 सितंबर को होगी। 9 सितंबर को सीकर जिले में 10 नगर निकायों के चुनाव में कुल 3.06 लाख से ज्यादा वोटर हैं, जो 1230 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। सबसे ज्यादा प्रत्याशी फतेहपुर नगर परिषद में हैं, यहां 55 वार्डों में 188 प्रत्याशी हैं। फतेहपुर नगर परिषद कुल उम्मीदवार-188 भाजपा- 34 कांग्रेस- 43 फतेहपुर नगर परिषद के वार्ड नं-16 में सबसे ज्यादा 9 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, यहां 8 प्रत्याशी निर्दलीय और 1 कांग्रेस से हैं, भाजपा ने यहां किसी को उम्मीदवार नहीं बनाया है। वहीं, वार्ड नं- 20, 22, 23, 45 और 47 में सबसे कम 2-2 प्रत्याशी ही मैदान में हैं, यहां सीधा मुकाबला है। सीकर के नगर निकायों में वोटर्स की संख्या- इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर… UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा झाबर सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर से विधायक हैं। इनके विधानसभा क्षेत्र में श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़ नगर पालिका है। अजीतगढ़ में पहली बार नगर पालिका का चुनाव हो रहा है। ऐसे में राज्यमंत्री खर्रा पर दोनों नगर पालिका में कमल खिलाने की चुनौती है। खंडेला विधायक सुभाष मील सुभाष मील कांग्रेस से भाजपा में आकर विधायक बने। इनके विधानसभा क्षेत्र में खंडेला और रींगस नगर पालिका हैं। सुभाष मील के विधानसभा क्षेत्र के जाजोद में करीब डेढ़ महीने पहले सीएम भजनलाल शर्मा ने रात्रि विश्राम के दौरान किसानों और छात्रों से संवाद किया था। ऐसे में विधायक मील पर दोनों नगर पालिका में कमल खिलाने की चुनौती है। सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर प्रेमसिंह बाजौर ने नीमकाथाना से 2023 में भाजपा से विधानसभा चुनाव लड़ा था। नीमकाथाना में अभी कांग्रेस के विधायक हैं और नीमकाथाना जिला कैंसिल होने के बाद ये पहला बड़ा चुनाव है। ऐसे में प्रेमसिंह बाजौर के लिए नीमकाथाना टेढ़ी खीर बना हुआ है। नीमकाथाना में हाल ही में रोड चौड़ीकरण के लिए चला अतिक्रमण हटाओ अभियान भी काफी चर्चा में रहा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा डोटासरा के गृह क्षेत्र की लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका अब नाक का सवाल बनी हुई है। डोटासरा भाजपा के खिलाफ पूरे प्रदेश में दौरे करके बयान दे रहे हैं। ऐसे में डोटासरा ने लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका में बोर्ड बनाने के लिए पूरी मेड़बंदी की है। दांतारामगढ़ विधायक वीरेंद्र सिंह कांग्रेसी विधायक वीरेंद्र सिंह के निर्वाचन क्षेत्र में खाटूश्यामजी, पलसाना और दांता नगर पालिका हैं। दांता और पलसाना इस बार ही नगरपालिका बनी है। खाटूश्यामजी में पिछली बार भाजपा का बोर्ड बना था। ऐसे में वीरेंद्र सिंह के लिए तीनों नगर पालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनाना एक टफ टास्क है। फतेहपुर विधायक हाकम अली नगर पालिका चुनावों में फतेहपुर काफी हॉटस्पॉट रहा है। कांग्रेस विधायक हाकम अली की फतेहपुर नगर पालिका में बोर्ड बनाना चुनौती है। भाजपा यहां पूरा जोर लगा रही है। हाकम अली कांग्रेस आलाकमान के सामने मजबूती दिखाने के लिए यहां कांग्रेस का बोर्ड बरकरार रखने में जुटे हैं। सूखा दिवस और छुट्‌टी घोषित सीकर में नगर निकायों में वोटिंग के दिन निकाय क्षेत्र में अवकाश रहेगा। इसके अलावा कल यानी 9 सितंबर को सूखा दिवस भी रहेगा, अत: चुनाव वाले निकाय क्षेत्रों में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वोटर आईडी नहीं है तो भी डाल सकेंगे वोट, 11 दस्तावेज मान्य निकाय चुनाव में किसी वोटर के पास वोटर आईडी नहीं है या वोटिंग के समय प्रस्तुत करने में असमर्थ है, तो वे वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेज से अपनी पहचान साबित कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने वोटर्स से मतदान के समय कोई एक ऑरिजिनल डॉक्यूमेंट साथ लाने की अपील की है। वोटर आईडी के अलावा 11 फोटोयुक्त डॉक्यूमेंट वोटिंग के लिए वैलिड होंगे। इनमें आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, हैल्थ बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हैल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट शामिल है। इसी तरह फोटोयुक्त पेंशन डॉक्यूमेंट, केंद्र या राज्य सरकार, लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों के कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों और विधायकों को जारी सरकारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड भी मान्य होंगे।