भीलवाड़ा शहर के सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह मंगलवार शाम अपने घर पर लहूलुहान हालत में मिले। परिजनों के अनुसार, वे थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान वर्दी पहनते समय अचानक सर्विस रिवॉल्वर से गोली चल गई, जो उनकी कनपटी पर लगी। इसके बाद वे फर्श पर गिर पड़े। घर पर मौजूद सीआई की पत्नी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने लोकपाल सिंह को गंभीर हालत में महात्मा गांधी जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रामस्नेही प्राइवेट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस के आला अधिकारी भी हॉस्पिटल पहुंचे। थानाधिकारी लोकपाल सिंह विजयनगर(अजमेर) के नादसी गांव के रहने वाले हैं। उनका पहली पत्नी से तलाक हो चुका है। करीब 2 महीने पहले ही दूसरी शादी की थी। परिवार में माता- पिता के अलावा 3 भाई हैं। एसआई को कहा था- गाड़ी तैयार रखना, आ रहा हूं
जानकारी के अनुसार, घटना के समय सीआई के माता-पिता और पत्नी घर पर ही थे। शाम 7 बजे थाना क्षेत्र में होने वाली नाकाबंदी में सीआई की भी ड्यूटी थी। उन्होंने एसआई को फोन कर कहा था कि गाड़ी तैयार रखना, मैं आ रहा हूं। इस दौरान वर्दी पहनते हुए अचानक सर्विस रिवॉल्वर से गोली चल गई, जो उनकी कनपटी पर लगी। इसके बाद वे लहूलुहान हालत में फर्श पर गिर पड़े।
