सिरसा में एक युवती से होटल में रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसकी चचेरी बहन की ननद उसे जॉब दिलाने के बहाने सिरसा लेकर आई और बहला-फुसलाकर एक निजी होटल में ले गई। वहां साथ में चचेरी बहन की ननद का प्रेमी भी ठहरा था। उसी वक्त उसके प्रेमी ने युवती से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और आरोप है कि शोर मचाने पर उसका मुंह बांधकर धमकी दी गई। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय पीड़िता युवती पंजाब की रहने वाली है और उसकी चचेरी बहन की ननद और उसका प्रेमी भी पंजाब का रहने वाला है। उसकी ननद युवक के साथ रिलेशनशिप में रह रही है। युवती जॉब की तलाश में थी। चचेरी बहन की ननद के साथ उसकी जान-पहचान थी और जॉब के बहाने उसके साथ सिरसा आ पहुंची। इसके अगले दिन युवती ने डिंग थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पीड़िता ने पंजाब पुलिस को भी घटना से अवगत करवाया, जिसके बाद सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला और उसके प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। अभी पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानिए क्या है पूरा मामला डिंग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि 23 अप्रैल 2026 को पीड़िता की चचेरी बहन की ननद रीना और एक युवक ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर होटल में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर उसका मुंह बांधकर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना की शिकायत पंजाब के फरीदकोट थाना में दर्ज कर आगामी कार्रवाई के लिए डिंग थाना भेजी गई थी। पीड़िता को महिला अधिवक्ता के सामने पेश कर बयान दर्ज करवाया गया और मेडिकल जांच करवाई गई। बयान और मेडिकल रिपोर्ट की पुष्टि के आधार पर पुलिस ने पंजाब के मानसा निवासी आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मणी और मुक्तसर निवासी आरोपी महिला रीना को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि इसमें शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
