सलूम्बर जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जनजीवन और खेती-किसानी दोनों में नई उम्मीद जगाई है। मंगलवार को भी दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा, कहीं सुबह तो कहीं दोपहर में बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और उमस बनी रही। मंगलवार को सुबह और शाम हुई बारिश के आंकड़ों के अनुसार, सेमारी में सर्वाधिक 55 मिमी वर्षा दर्ज की गई (सुबह 24 मिमी और शाम 31 मिमी)। इसके अतिरिक्त, सलूम्बर में 9.5 मिमी, झल्लारा में 13 मिमी, लसाड़िया में 18 मिमी और सारड़ा में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। तापमान में विशेष गिरावट नहीं बारिश के बावजूद तापमान में विशेष गिरावट नहीं आई, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से दिनभर उमस बनी रही। मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बन गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई ने गति पकड़ ली है। किसान पूरे उत्साह के साथ खेतों में जुट गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस बारिश को सीजन की सबसे राहतभरी शुरुआत माना जा रहा है। मानसून की सक्रियता से जल स्रोतों में भी पानी की आवक बढ़ने लगी है, जिससे किसानों और आमजन दोनों में खुशी का माहौल है।