नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शनिवार को सलूंबर जिले के लसाड़िया पहुंचे। जूली ने लालपुरा गांव का दौरा किया, जहां पिछले दिनों एक रहस्यमयी बीमारी से 5 मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। जूली ने कहा- अगर समय रहते बेहतर इलाज मिलता, तो शायद इन मासूमों की जान बच सकती थी। लालपुरा गांव में परिजनों से मिलने के बाद टीकाराम जूली ने मौके से ही स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव गायत्री राठौड़ को फोन लगाया। जूली ने सचिव से पूछा- लसाड़िया में बच्चों की मौत के मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई है और क्या विभाग को इस रहस्यमयी बीमारी के असली कारणों का पता चल पाया है? जूली ने स्वास्थ्य विभाग में खाली पड़े पदों का मुद्दा पर कहा- स्टाफ की कमी के कारण ग्रामीण इलाकों में हालात गंभीर हो रहे हैं। जूली करीब आधे घंटे लालपुरा गांव में परिजनों के बीच रुके। वे दोपहर करीब 1 बजे कांग्रेसी नेताओं के साथ पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहीं ये 2 अहम बातें … 1. गंभीर विषय को बहुत हल्के में ले रही है सरकार सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा- यह बड़े दुख की बात है कि इतने मासूमों की जान चली गई, लेकिन अब तक पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से कोई सहायता नहीं मिली है। यह एक पिछड़ा हुआ आदिवासी इलाका है, जहां न तो नरेगा का भुगतान समय पर हो रहा है और न ही बच्चों की शिक्षा पर कोई ध्यान दिया जा रहा है। 2. सत्ता पक्ष का कोई भी बड़ा नेता यहां नहीं पहुंचा जूली ने आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर विषय को बहुत हल्के में ले रही है और उसे सिर्फ वोटों की राजनीति से मतलब है। सत्ता पक्ष का कोई भी बड़ा नेता अब तक यहां हाल जानने नहीं पहुंचा है। जूली ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आदिवासी क्षेत्र के विकास का पूरा बजट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है। विधानसभा में यहां से आने वाले मंत्री सिर्फ जांच की बात करते हैं, लेकिन असल में कोई जांच नहीं होती। सिर्फ दो साल बनाम पांच साल कहने से काम नहीं चलेगा, काम करके दिखाना होगा। टीएसपी क्षेत्र का पैसा खर्च नहीं हो रहा और सड़कों की हालत बेहद खराब है। अब देखिए, जूली के उदयपुर दौर से जुड़ी PHOTOS… जूली लसाड़िया के टेकण और कूण गांव भी पहुंचे। जहां पूर्व विधायक नगराज मीणा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनके साथ सांसद प्रत्याशी ताराचंद मीणा और जिला अध्यक्ष परमानंद मेहता भी मौजूद रहे। पीसीसी सदस्य जगजीतेंद्र सिंह शक्तावत ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं का ज्ञापन सौंपा, जिस पर जूली ने आश्वासन दिया कि वे इन सभी मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे। इनपुट – भेरूलाल आमेटा, लसाड़िया।
