हरियाणा के मन्नू भैया द्वारा सोशल मीडिया पर सतगुरु कबीर जी महाराज के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस बयान को लेकर कबीरपंथी समाज और सामाजिक संगठनों में गहरा रोष व्याप्त है।सतगुरु कबीर टाइगर फोर्स और भारतीय मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों ने इस मामले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठनों के प्रतिनिधियों ने जालंधर के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा। एससी/एसटी एक्ट और BNS के तहत पर्चा दर्ज करने की मांग ज्ञापन सौंपने पहुंचे पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी मन्नू भैया के खिलाफ बिना किसी देरी के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोपी पर एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट (IT Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप संगठनों के नेताओं का कहना है कि महान संतों और महापुरुषों के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी समाज में नफरत फैलाने और शांति भंग करने की साजिश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब में शांति, आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे असमाजिक तत्वों पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है। प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो समाज संघर्ष की राह चुनने पर मजबूर होगा।