संगरूर जिले में एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बहराईची (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रसोइए का काम करता था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का निवासी था और वर्तमान में भसोड़ में अत्री पंजाबी ढाबा के सामने रह रहा था। मृतक के भाई कल्लू ने पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी है। मृतक का भाई बोला- सामने से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका भाई गांव दुल्लमा से भसोड़ की ओर अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आ रहा था। जब वह केआरबीएल भसोड़ के नजदीक पहुंचा, तो सामने से आ रहे एक ट्रक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बहराईची गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के भाई के बयान के आधार पर ट्रक ड्राइवर दविंदर सिंह राजावत निवासी आगरा तहसील, थाना गाजी, जिला अलवर (राजस्थान) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।