भीलवाड़ा के बिजौलिया थाना क्षेत्र के सलावटियां गांव में वैन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक और एक बच्ची की मौत हो गई। साथ ही दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई है। हादसा सोमवार शाम 5:30 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के सामने हुआ। एएसआई दल्लाराम ने बताया-हादसे में मानगढ़ निवासी संतोष मीणा (22) पुत्र नंदलाल मीणा और खड़ीपुर निवासी बच्ची दिव्यांशी (3) पुत्री नंदलाल भील की मौत हुई है। बच्ची की मां संजना और उसके साथ आ रही प्रियंका पत्नी केशराज भील घायल हुई है। जिनका सलावटियां गांव के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं दोनों शवों को बिजौलिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। सैलरी लेकर गांव लौट रहा था संतोष, महिलाओं को दी थी लिफ्ट एएसआई ने बताया-संतोष मध्यप्रदेश के सिंगोली में जेसीबी चलाता था। वह आज अपनी सैलरी लेकर गांव लौट रहा था। इसी दौरान तिलस्वां गांव के महादेव मंदिर से दर्शन कर लौट रही संजना और प्रियंका ने उससे लिफ्ट मांगी। संतोष ने दोनों महिलाओं और बच्ची को बाइक पर बिठा लिया। इसी दौरान सलावटियां गांव के स्कूल के सामने भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक वैन ने संतोष की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संतोष और दिव्यांशी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वैन ड्राइवर मौके से भाग गया। वैन में परचूनी का सामान भरा हुआ था। जांच में सामने आया है कि वैन ड्राइवर दुकानों पर जाकर ये सामान सप्लाई करता था। पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने में खड़ा करवाया है।
