वीडियो कोच बसों में आग लगने की घटनाओं के बाद राजसमंद पुलिस और परिवहन विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। यात्रियों की सुरक्षा करने और बस दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज निजी बस संचालकों की एक बैठक आयोजित की गई। एसपी हेमंत कलाल के निर्देश पर डीएसपी नेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बस संचालकों को सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए। मेंटेनेंस पर दिया जोर डीएसपी ऑफिस में आयोजित बैठक में डीटीओ राजसमंद एवं यातायात प्रभारी कैलाश जोशी सहित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बसों में होने वाली आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए तकनीकी जांच और नियमित मेंटेनेंस पर विशेष जोर दिया गया। इमरजेंसी गेट काम कर रहे हो अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बस में चालू हालत में अग्निशमन यंत्र होना अनिवार्य रहेगा तथा स्टाफ को उसके उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाए। साथ ही बसों के इमरजेंसी गेट पूरी तरह कार्यशील रखने और उनके पास सामान नहीं रखने के निर्देश दिए गए। अनदेखी हुई तो कार्रवाई होगी इसके अलावा बसों की वायरिंग की नियमित जांच, ज्वलनशील पदार्थ नहीं ले जाने और क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने के आदेश भी जारी किए गए। अधिकारियों ने साफ कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ बस सीज करने, जुर्माना लगाने और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।