सपोटरा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विधायक हंसराज मीणा ने कैलादेवी, पीतूपुरा और लोहर्रा में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने रोडवेज बस स्टैंड, सीसी सड़क, घाट निर्माण और विद्यालय में नए कक्षों की सौगात दी। कैलादेवी कस्बे में विधायक हंसराज मीणा ने रोडवेज बस स्टैंड निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। यह बस स्टैंड करीब 1.50 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। विधायक ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके बाद विधायक ग्राम पंचायत लोहर्रा के पीतूपुरा स्थित काडिस बाबा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी व धार्मिक स्थल तक पहुंच आसान होगी। लोहर्रा गांव में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित घाट का लोकार्पण किया। साथ ही सरकारी स्कूल में दो नए कक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में नए कक्ष बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। कार्यक्रम के दौरान लोहर्रा में वंदे भारत अभियान के तहत जल संरक्षण को लेकर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया। महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर कार्यक्रम को भक्तिमय माहौल प्रदान किया। विधायक ने कहा कि जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी जरूरत है और प्रत्येक व्यक्ति को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है, तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। कैलादेवी में आयोजित कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण मेहरा, सपोटरा मंडल अध्यक्ष रामधन डाबिर, जिला महामंत्री रूपसिंह हरिया का मंदिर, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि भरतलाल मीणा, सरपंच प्रतिनिधि ऋषि, पूर्व अधीक्षण अभियंता जौहरी लाल मीणा, लालाराम पटेल, धनसिंह राहिर, किसान संघ जिलाध्यक्ष मोहरसिंह मीणा, हरि धौरेटा, गिर्राज बिचपुरिया, अमृतलाल बिचपुरिया, जगदीश, धनफूल, किरोड़ी भगत, हरेत मोहनपुरा और रामकुमार लोहर्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं पीतूपुरा और लोहर्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वरिष्ठजन और ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने विधायक हंसराज मीणा का साफा और माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
