लुधियाना के अमरपुरा इस्सा नगरी पुली स्थित शनि मंदिर के बाहर बरात पर तेजधार हथियारों से हमला किया। हमले में एक व्यक्ति और एक बच्चा घायल हो गए। आरोपी बाइक पर सवार पर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बरात में शामिल एक रिश्तेदार की रंजिश के कारण यह हमला हुआ है। जानकारी देते हुए शंकर सिसोदिया ने बताया कि उनके छोटे भाई की शादी थी और बरात पटियाला जानी थी। बरात निकलने से पहले परिवार के लोग शनि मंदिर के बाहर माथा टेक रहे थे, तभी अचानक कुछ हमलावर वहां पहुंच गए और हमला कर दिया। घायल व्यक्ति के लगे 5 टांकें शंकर के अनुसार, मनीष नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हमले में उनके मौसा राजू घायल हो गए, जिन्हें 5 टांके लगे हैं। एक बच्चा भी घायल हुआ है। शंकर ने बताया कि उनकी मौसी के बेटे के ससुराल पक्ष के साथ पहले से कोर्ट केस चल रहा है। आरोप है कि उसी रंजिश के चलते बहू पक्ष के लोगों ने इस हमले को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी कहा कि शादी के चलते आरोपी पक्ष के लोग जमानत लेकर बेंगलुरु से आए हुए थे। घटना के तुरंत बाद थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, शादी के कारण परिवार जल्दबाजी में घायलों का मेडिकल करवाकर पटियाला रवाना हो गया। कल शाम 6 बजे तक ना हुई कार्रवाई तो बरात सहित देंगे धरना शंकर सिसोदिया ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने अगले दिन शाम 6 बजे तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया, तो बारात थाने के बाहर धरना देगी। वहीं, मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों से भी पुलिस को अहम सुराग मिलने की संभावना है। इस मामले में एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि अमरपुरा पुली क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हमला हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
