लुधियाना-फिरोजपुर मुख्य मार्ग पर स्थित खुखराना मंडी के बाहर धरना दे रहे किसानों पर एक स्कॉर्पियो सवार ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस प्रयास में कोई किसान घायल नहीं हुआ। हालांकि, इस घटना से किसानों में भारी गुस्सा फैल गया। उन्होंने इसे जानबूझकर जान लेने की कोशिश बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो गाड़ी का नंबर ट्रेस कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी की पहचान कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है। लिफ्टिंग न होन से किसान नाराज, कर रहे थे प्रदर्शन खुखराना मंडी में लिफ्टिंग न होने के कारण किसान पहले से ही आक्रोशित थे। कई दिनों से फसल की खरीद और लिफ्टिंग में हो रही देरी से वे परेशान हैं। मंडी में गेहूं के ढेर लगे हुए हैं और बढ़ती गर्मी के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। किसान कीर्ति किसान यूनियन, पेंडू मजदूर यूनियन और अन्य संगठनों के बैनर तले लिफ्टिंग न होने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। किसानों ने मंडी के बाहर किया रोड जाम इसी आक्रोश के चलते किसानों ने मंडी के बाहर लुधियाना-फिरोजपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था। इससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ, वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसानों का आरोप है कि उन्हें बार-बार आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। समस्या के समाधान न होने बड़े आंदोलन की चेतावनी विरोध कर रहे किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लिफ्टिंग शुरू नहीं की गई तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं, जो किसानों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, लेकिन स्थिति को नियंत्रण में रखने के प्रयास जारी हैं।
