लुधियाना में सोमवार दोपहर पुलिस कमिश्नर (CP) कार्यालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस हिरासत में लाया गया एक आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, थाना डेहलों पुलिस ने आरोपी सुखविंदर सिंह को आलमगीर साहिब इलाके से गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ पुलिस की ओर से कलंदरा (रोकथाम/निवारक कार्रवाई) जारी किया गया था। इसी सिलसिले में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए सोमवार दोपहर पुलिसकर्मी उसे सीपी दफ्तर लेकर पहुंचे थे। कागजी कार्रवाई के दौरान भीड़ का उठाया फायदा बताया जा रहा है कि सीपी दफ्तर में आरोपी की पेशी से जुड़ी कागजी प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान मौका पाकर सुखविंदर सिंह पुलिसकर्मियों की नजरों से बचकर दफ्तर के पिछले हिस्से की ओर निकल गया। इसके बाद उसने परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ का फायदा उठाया और मुख्य सड़क की तरफ भाग निकला। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसका पीछा कर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह चकमा देकर भागने में कामयाब रहा। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना के तुरंत बाद पुलिस अलर्ट हो गई और आरोपी के संभावित रास्तों पर जांच बढ़ा दी गई है। फरार आरोपी की गतिविधियों का पता लगाने और यह जानने के लिए कि वह किस दिशा में भागा है, सीपी दफ्तर व आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी का बयान उधर, थाना डेहलों के प्रभारी ने बताया कि वह फिलहाल किसी ड्यूटी के सिलसिले में बाहर हैं और मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
