लुधियाना में चोरों ने नेशनल लेवल के जूडो खिलाड़ी को अपना निशाना बनाया। वारदात परसों रात करीब 12:30 बजे की है, जब शेखेवाल स्कूल में 12वीं (आर्ट्स) का छात्र अमन शर्मा अपने बीमार दोस्त को अस्पताल ले जा रहा था। बदमाशों ने न केवल खिलाड़ी पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किया, बल्कि उसकी उंगली भी फ्रैक्चर कर दी। इस चोट के खिलाड़ी चंडीगढ़ में होने वाले अपने नेशनल लेवल के जूडो मैच में हिस्सा लेने से महरुम रह गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में नामालोम आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है दोस्त के पेट में था भयंकर दर्द,मदद के लिए निकला था इकलौता बेटा अमन शर्मा ने बताया कि वह लुधियाना में रहकर पढ़ाई और खेल की तैयारी करता है। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान (सिंगल चाइल्ड) है। उसके पिता अमृतसर में करियाने की दुकान चलाते हैं और मां हाउसवाइफ हैं। अमन पिछले 5 सालों से जूडो की ट्रेनिंग ले रहा है और कई मेडल जीत चुका है। परसों रात करीब 12 बजे उसके दोस्त के पेट (लीवर) में अचानक असहनीय दर्द शुरू हुआ। दोस्त की हालत बिगड़ती देख अमन उसे अपनी स्प्लेंडर बाइक (2012 मॉडल) पर बैठाकर तुरंत डीएमसी (DMC) अस्पताल के लिए निकला। दोनों जैसे ही राखी बाग पार्किंग के पास पहुंचे, घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। झूठा बहाना बनाकर किया विवाद, जूडो प्लेयर ने अकेले किया मुकाबला अमन के मुताबिक पार्किंग के पास से अचानक दो युवक निकले और उन्होंने बाइक रुकवा ली। बदमाशों ने डराने की नीयत से झूठा आरोप लगाते हुए कहा तुम हमारी बहन को मैसेज क्यों करते हो अमन ने इसका विरोध किया और कहा कि वह शहर में नया है और किसी लड़की को नहीं जानता। इतने में बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी और बाइक छीनने की कोशिश की।
नेशनल खिलाड़ी होने के नाते अमन ने हिम्मत नहीं हारी और अकेले ही दोनों बदमाशों का मुकाबला किया और उन्हें पीछे धकेल दिया। खुद को कमजोर पड़ता देख बदमाशों ने अपने दो और साथियों को बुला लिया,जो तेजधार हथियारों से लैस थे। चारों ने मिलकर अमन पर हमला कर दिया। हमला होता देख बीमार दोस्त अपनी जान बचाकर वहां से भागा। बदमाश अमन को लहूलुहान कर उसकी स्प्लेंडर बाइक और अन्य सामान लूटकर फुहारा चौक की तरफ फरार हो गए। अमन ने बताया कि जहां यह वारदात हुई, उसके ठीक सामने फुटपाथ पर कुछ लोग सो रहे थे और कुछ राहगीर भी गुजर रहे थे, लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। वारदात के बाद कुछ लोग इकट्ठा हुए और सांत्वना देने के लहजे में बोले यहां ऐसी वारदातें रोज होती हैं, तुम तुरंत पुलिस को फोन करो। करियर पर लगा ब्रेक: 5 साल की मेहनत पर फिरा पानी अमन ने रोते हुए बताया कि वह पिछले 5 सालों से दिन-रात जूडो की जी-तोड़ मेहनत कर रहा है। सोमवार को चंडीगढ़ में उसका नेशनल लेवल का बेहद अहम मुकाबला था, जिससे उसके करियर को नई उड़ान मिलनी थी। लेकिन इस हमले में उसकी उंगली फ्रैक्चर हो गई, जिसके कारण डॉक्टर ने उसे खेलने से मना कर दिया। बदमाशों की इस करतूत ने एक खिलाड़ी का भविष्य दांव पर लगा दिया। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस आरोपियों को डूंडने के लिए छापेमारी कर रही है