मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) में आयोजित ऑल इंडिया रैकेटलॉन ओपन में विक्रमादित्य चौफला और सिद्धार्थ नांदल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। हाल ही आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के 150 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रैकेटलॉन एक संयुक्त खेल है, जिसमें खिलाड़ियों को टेबल टेनिस, बैडमिंटन, टेनिस और स्क्वैश जैसे चार रैकेट खेल खेलने होते हैं। इस बार आयोजकों ने स्क्वैश की जगह पिकलबॉल को शामिल किया और नए प्रारूप को रैकेटलॉन राइट नाम दिया। विक्रमादित्य चौफला रह चुके कप्तान विश्व रैकेटलॉन चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके उदयपुर (राजस्थान) के विक्रमादित्य चौफला टूर्नामेंट के सबसे सफल खिलाड़ियों में रहे। उन्होंने 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की मेन्स सिंगल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा मेन्स डबल्स (40+) में वरुण मोटाशा के साथ मिलकर दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चौफला ने मेन्स सिंगल्स बी वर्ग में रजत पदक भी हासिल किया। कुल मिलाकर उन्होंने चार पदक जीते। सिद्धार्थ नांदल जीते दो स्वर्ण पदक वहीं हरियाणा के पानीपत निवासी सिद्धार्थ नांदल ने भी शानदार खेल दिखाते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उन्होंने मेन्स सिंगल्स बी वर्ग के फाइनल में विक्रमादित्य चौफला को हराकर खिताब जीता। इसके बाद मेन्स डबल्स बी वर्ग में निखिल मनसुखानी के साथ जोड़ी बनाकर दूसरा स्वर्ण पदक भी अपने नाम कर लिया।