पंजाब कांग्रेस के नकोदर विधानसभा हलका इंचार्ज डॉ. नवजोत सिंह दहिया ने पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सचिन पायलट से एक शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान पंजाब में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, धरातल पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा पार्टी के भीतर संगठनात्मक एकजुटता को बढ़ावा देने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। मुलाकात के बाद डॉ. नवजोत सिंह दहिया ने बताया कि सचिन पायलट के पंजाब मामलों के प्रभारी बनने के बाद से पार्टी संगठन में एक नया उत्साह देखने को मिल रहा है। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और एकजुटता कायम हो रही है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट की सोच हमेशा से ही युवाओं को आगे लाने, विकास केंद्रित राजनीति करने और जमीनी कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान देने की रही है, जिसका सीधा फायदा पंजाब कांग्रेस को मिलेगा। जमीनी स्तर पर जनता के मुद्दों को उठाएगी कांग्रेस डॉ. दहिया ने जोर देकर कहा कि मौजूदा समय की मांग है कि कांग्रेस पंजाब में एक मजबूत, एकजुट और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने वाले संगठन के रूप में काम करे। उन्होंने बताया कि नकोदर समेत पूरे पंजाब में कांग्रेस के कार्यकर्ता जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर पूरी तरह से सक्रिय हैं और आने वाले समय में जनता के अधिकारों की लड़ाई को और तेज किया जाएगा।