लुधियाना के थाना दरेसी इलाके में एक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। एक अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान विशेष कुमार के रूप में हुई है। जांच अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के मामा विशाल ने जानकारी दी कि विशेष शनिवार रात अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गया था। पार्टी से लौटते समय वह ई-रिक्शा में सवार होकर घर आ रहा था। वाहन ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विशेष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बताया कि विशेष परिवार का बड़ा सहारा था। करीब तीन साल पहले उसके भाई का भी निधन हो चुका है। विशेष की मौत के बाद उसकी मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि वह मां का इकलौता सहारा था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी वाहन और उसके ड्राइवर की पहचान की जा सके। इलाके के लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती करने की मांग की है।
