लुधियाना में कपड़े के कारोबारी के साथ बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने कारोबारी का UPI अकाउंट क्लोन कर उसके बैंक खाते से 3.42 लाख रुपए निकाल लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान लालमन यादव निवासी कबीर नगर जिला उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह लुधियाना में कपड़े का कारोबार करता है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों ने पहले कारोबारी के बैंक खाते को हैक किया और फिर उसका डुप्लीकेट UPI प्रोफाइल बनाकर कई अनधिकृत ट्रांजैक्शन कर डाले। 16 मार्च को दर्ज करवाई जीरो एफआईआर घटना के बाद उत्तर प्रदेश स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बखिरा शाखा द्वारा मामले की जांच की गई। इसके बाद पीड़ित ने उत्तर प्रदेश पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर संत कबीर नगर जिले के बखिरा थाने में 16 मार्च को जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में आगे की जांच के लिए लुधियाना ट्रांसफर कर दिया गया। फिलहाल मामले की जांच लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस कर रही है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर परमवीर सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66-सी के तहत केस दर्ज किया गया है। साइबर ठगों ने एडवांस तकनीक का किया इस्तेमाल पुलिस अब फर्जी UPI अकाउंट और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है, जिसके जरिए आरोपियों ने रकम निकाली। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों ने एडवांस तकनीक का इस्तेमाल कर कारोबारी की बैंकिंग डिटेल्स तक पहुंच बनाई। इंस्पेक्टर परमवीर सिंह ने कहा कि पुलिस की टीमें तकनीकी इनपुट के आधार पर काम कर रही हैं और जांच आगे बढ़ने के साथ आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
