राजस्थान रोडवेज की बूंदी डिपो की बस में 60 पैसेंजर्स में से 55 बिना टिकट यात्रा करते मिले। सिर्फ 5 यात्रियों के पास ही टिकट था। बस बूंदी से शिवपुरी (मध्य प्रदेश) जा रही थी। रोडवेज प्रशासन ने आरोपी बस सारथी (कंडक्टर) को ब्लैक लिस्ट (प्रतिबंधित) कर दिया है। बूंदी डिपो के चीफ मैनेजर घनश्याम गौड़ ने बताया- इस रूट की बस को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पैसेंजर शिकायत कर रहे थे कि बस सारथी किराया ले रहे हैं, लेकिन टिकट नहीं दे रहे। खासकर बारां के आसपास ऐसी शिकायतें ज्यादा मिल रही थीं। फ्लाइंग टीम ने सोमवार शाम बूंदी से शिवपुरी जा रही बस नंबर 2166 की केलवाड़ा-समरानिया के बीच अचानक चेकिंग की। बस में 60 यात्री थे। इनमें से केवल 5 पैसेंजर के टिकट काटे गए थे। बस में तैनात बस सारथी (कंडक्टर) अंकुश राठौड़ को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। पिछले महीने भी मिले थे बिना टिकट पैसेंजर घनश्याम गौड़ ने बताया- बूंदी डिपो के प्रबंधक (ट्रैफिक) प्रदीप कुमार और जूनियर वर्क्स इंस्पेक्टर हीरालाल मेघवाल ने बस की चेकिंग की थी। इसी रूट पर पिछले महीने भी बिना टिकट पैसेंजर मिलने के मामले सामने आए थे। एक चेकिंग में 35 और दूसरी में 38 पैसेंजर बिना टिकट मिले थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डिपो की ओर से इस रूट पर निगरानी बढ़ाई गई। आगे भी इस रूट पर लगातार चेकिंग जारी रहेगी। FIR भी करवाएंगे राजस्थान रोडवेज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ट्रैफिक) विनोद पुरोहित ने बताया- मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए बस सारथी पर रिमार्क लगाया गया और उसे रोडवेज से हटा दिया गया है। अब रोडवेज में दोबारा काम नहीं दिया जाएगा। बूंदी डिपो के मैनेजर को बस सारथी के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए हैं। क्या है बस सारथी योजना? बस सारथी योजना की शुरुआत डिपो स्तर पर ड्राइवर और कंडक्टर की कमी दूर करने व बंद हो चुके रूट फिर से शुरू करने के लिए की गई थी। अभी करीब 1550 बस सारथी और सिविल डिफेंस के कर्मचारी काम कर रहे हैं। इन्हें हर महीने 13 हजार रुपए मानदेय दिया जाता है। बस सारथी (कंडक्टर) के लिए 18 से 45 साल की उम्र, 10वीं पास होना और वैध कंडक्टर लाइसेंस या बैज जरूरी है। वहीं, ड्राइवर के लिए 10वीं पास होने के साथ भारी वाहन का लाइसेंस और कम से कम 2 साल का ड्राइविंग अनुभव जरूरी है। व्यवस्था पर उठे सवाल एक ही रूट पर लगातार बिना टिकट पैसेंजर मिलने से बस सारथी व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग के सामने इस व्यवस्था की निगरानी और चेकिंग को और मजबूत करने की चुनौती है। … यह खबर भी पढ़ें… रोडवेज बस में 70 में से 68 या​त्री बिना टिकट:फ्लाइंग टीम की जांच में पकड़ी गई गड़बड़ी, कंडक्टर पर पेनल्टी लगाई, ब्लैक लिस्ट भी किया झालावाड़ रोडवेज डिपो की एक बस में फ्लाइंग टीम की जांच के दौरान बेहद चौंकाने वाली अनियमितता सामने आई है। कोटा से झालावाड़ आ रही इस बस में सवार 70 में से 68 यात्री बिना टिकट सफर करते पाए गए। पूरी बस में केवल 2 यात्रियों के पास ही वैध टिकट थे। (पूरी खबर पढ़ें)