जोधपुर एम्स में ड्यूटी करने पहुंचे रेजीडेंट की रेस्ट रूम के बाथरूम में अचेत मिलने के बाद मौत हो गई। वह एनस्थीसिया विभाग में ड्यूटी के लिए आया था। शुरुआती जानकारी में इंजेक्शन के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही साफ होगी। घटना करीब दोपहर 1 बजे की है। मृतक की पहचान राजनरेश यादव (29) पुत्र नरेश कुमार बड़ा जोड़ के पास अलवर के तौर पर हुई। फिलहाल बासनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एम्स की मॉर्च्युरी में शव रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। कल परिजनों के पहुंचने पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मृतक राज नरेश का बड़ा भाई दिल्ली एम्स में डॉक्टर है, जबकि पिता गांव में ही रहते हैं। मृतक ने एम्स से MBBS किया था, इसके बाद यहीं से PG कर रहा था। दरअसल, ड्यूटी के दौरान रेजिडेंट डॉक्टर बाथरूम में अचेत अवस्था में मिला तो डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस को मौके पर बाथरूम में इंजेक्शन भी मिला है। संभवतः उसने खुद के सिरिंज लगाकर सुसाइड कर लिया। एनस्थीसिया विभाग में ड्यूटी कर रहा था रेजीडेंट बासनी थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि एम्स में एनस्थीसिया विभाग में रेजिडेंट डॉक्टर राजनरेश ड्यूटी कर रहा था। आज सुबह 8/9 बजे के करीब एनेस्थीसिया में ड्यूटी करने आया। आज(मंगलवार) उसकी OT में ड्यूटी थी। ड्यूटी के दौरान दोपहर करीब 1 बजे के आसपास बीच में रेस्ट रूम में गया था। इसके बाद काफी देर तक नहीं आने पर OT इंचार्ज ने पता करवाया तो उसका पता नहीं चला। साथियों ने रेस्ट रूम के बाथरूम को देखा तो बाथरूम अंदर से बंद था। खटखटाने के बाद भी कोई आवाज नहीं आ रही थी। संदेह होने पर बाथरूम का गेट तोड़ा गया। गेट तोड़ा तो वो अचेत अवस्था में मिला। जिसे तुरंत OT में लेकर प्राथमिक उपचार देने के प्रयास किए गए, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। इधर पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद बासनी थानाधिकारी नितिन दवे टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस ने आसपास के जगह से सबूत जुटाए हैं। वहीं मौके पर घटनास्थल वाले कमरे को सीज किया गया है। वहीं पुलिस ने मौके से उसके मोबाइल को कब्जे में लिया है। जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भिजवाया जाएगा। वहीं पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया। परिजन संभवतः सुबह तक जोधपुर पहुंचेंगे।
