जयपुर में बदमाशों ने एक विला में 5 दिन तक बुजुर्ग पति-पत्नी को बंधक बनाकर रखा। बम से उड़ाने की धमकी देकर बोले- तुम्हारे चिथड़े और डीएनए भी नहीं मिलेगा। बुजुर्ग पति-पत्नी से 48 लाख रुपए फिरौती के वसूल लिए। मामले में पीड़ित पति-पत्नी ने भांकरोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- वैशाली नगर के रहने वाली 66 साल की बुजुर्ग महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह अपने रिटायर्ड बैंकर पति (67) के साथ रहती हैं। उनका बेटा कनाडा में रहता है। उन्होंने अपने मकान को बेचन के लिए 4 फरवरी 2026 को वेबसाइट पर पेड विज्ञापन दिया था। इसके बाद वेबसाइट के मैनेजर शिवा अयपन की ओर से अखिल अग्रवाल नाम के व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया गया। बातचीत के बाद अखिल अग्रवाल मकान देखने के लिए आया। मकान देखने के बाद अखिल अग्रवाल ने 24-25 फरवरी को दोबारा आकर डील फाइनल कर दी। प्लानिंग के तहत बातों में उलझाता रहा 26 फरवरी को कॉल कर अखिल अग्रवाल ने कहा- उसे अर्जेन्ट दुबई जाना पड़ रहा है। 5 मार्च को वापस लौटने पर मिलेगा। 5 मार्च को दोबारा कॉल आया कि खाड़ी युद्ध के चलते वह 25 अप्रैल तक ही आ पाएगा। आप लोग प्रॉपर्टी के पेपर तैयार रखें। किराएदार से मकान को खाली करवा दें, क्योंकि उसे एक महीने बाद परिवार सहित रहना है। 1 मई को कॉल किया कि आप 2 मई को सुबह 10:30 बजे तैयार रहना। मेरी पत्नी मुम्बई आ गई है। मेरी पत्नी और एडवोकेट तैयार हैं। एग्रीमेंट कर साइन करवाकर बैंक चलकर आरटीजीएस करवा देंगे। विला में बैठा रही थी गैंग 2 मई को अखिल अग्रवाल अपनी कार लेकर घर पहुंचा। बुजुर्ग दंपति को अपनी कार में बैठाकर साथ ले गया। भांकरोटा इलाके में बालाजी एन्कलेव चौरडिया सिटी में स्थित विला में ले गया। वहां पहले से उसकी गैंग के 4-5 व्यक्ति मौजूद थे। दोनों को धक्का देकर एक कमरे में बंद कर मारपीट की। पिस्तौल व चाकू से डराने के साथ बैल्ट से पीटा। धमकाया- होशियारी दिखाई या चिल्लाए तो बम से उड़ा देंगे। तुम्हारे चिथड़े व डीएनए भी नहीं मिलेगा। बुजुर्ग पति-पत्नी से बैंक के चेक, पर्स, मकान डॉक्यूमेंट की कॉपी, दोनों के मोबाइल, घर व गाड़ी की चाबियां, गोल्ड चेन, दो अंगुठिया छीन ली। बुजुर्ग महिला को एक कमरे में बंद कर दिया। पति को बाहर दूसरे कमरे में ले गए। शाम को अखिल अग्रवाल ने बुजुर्ग महिला को धमकाकर 60 लाख रुपए की डिमांड की। बदमाशों ने कहा- अपने रिश्तेदारों या मिलने वाले जो भी तुम्हें रुपए दे सकते हैं, मंगवाओ। होशियारी नहीं करनी है। घबरा कर बात नहीं करनी है। किस को क्या बोलना है, यह पहले ही सोच कर रखना। किसी को कोई शक नहीं होना चाहिए, अन्यथा मार दिए जाओगे। अहमदाबाद टिकट कराकर भेजा विला में बुजुर्ग दंपती को 5 दिन (6 मई तक) तक बंधक बनाकर रखा। भाई और दो एक्स स्टाफ मेंबर को कॉल करवाकर बुजुर्ग महिला से 47.90 लाख रुपए मंगवाकर वसूल लिए। रुपए लेने के बाद बोला- अब आपको जयपुर में नहीं रहना है। आपकी जान को खतरा है। 6 मई की रात कार में बैठाकर मॉल ऑफ जयपुर तक लेकर गया। टैक्सी में बैठाकर दिल्ली एयरपोर्ट टी-2 पर छुड़वाया। अहमदाबाद का टिकिट देकर पहुंचते ही मैसेज कर सूचना देने के लिए कहा। चार-पांच दिन अहमदाबाद में रहने के दौरान बुजुर्ग दंपति दहशत के चलते बहुत घबराए हुए रहे।
