जयपुर के ATM बूथ में लगी कैश डिपोजिट मशीन (सीडीएम) से छेड़छाड़ कर 38 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है। मशीन में माचिस की तीली लगाकर दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। माणकचौक थाना पुलिस ATM बूथ में लगे CCTV फुटेज में कैद हुए दोनों बदमाशों की तलाश कर रही है। SHO (माणक चौक) राकेश ख्यालिया ने बताया- माणक चौक में स्थित एक बैंक ATM बूथ में वारदात की गई। ATM बूथ में घुसे दो बदमाशों ने कैश डिपोजिट मशीन को वारदात के लिए चुना। मशीन में माचिस की तीली लगाकर सेंसर को प्रभावित किया। इसके बाद छेड़छाड़ कर कैश डिपोजिट मशीन से 38 हजार रुपए निकाल लिए। बदमाशों ने पूरी वारदात को महज 5 मिनट में अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देकर दोनों बदमाश फरार हो गए। कैश डिपोजिट मशीन में रुपए कम मिलने पर जांच करने पर वारदात का पता चला। बैंक मैनेजर अमित की ओर से गुरुवार दोपहर माणक चौक थाने में मामला दर्ज करवाया गया। पुलिस टीमें ATM बूथ में लगे CCTV फुटेज में कैद हुए दोनों बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।