सवाई माधोपुर के कुण्डेरा थाना क्षेत्र के ग्राम उलियाणा में 18 वर्षीय युवक मनखुश के अपहरण के बाद हत्या के मामले को लेकर ग्रामीणों और पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को ग्रामीणों एवं परिजनों ने एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 8 मई शाम को गांव से युवक मनखुश का कुछ लोगों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी बिना नंबर की काली थार गाड़ी में युवक को उठाकर ले गए। बाद में युवक की हत्या कर शव को खाट गांव के नाले में फेंक दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना समय पर पुलिस को देने के बावजूद प्रारंभिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए और युवक की हत्या कर दी गई। मृतक चार बहनों का इकलौता भाई बताया जा रहा है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मुख्य गवाहों को सुरक्षा देने की मांग की है। साथ ही पुलिस की प्रारंभिक लापरवाही की जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।