देशभर में 21 जून को री-नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) होगा। राजस्थान के कुल 25 जिलों में 577 सेंटर्स पर 2.09 लाख स्टूडेंट्स एग्जाम देंगे। सेंटर पर HD क्वालिटी वाले सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए हैं, जिससे आस-पास 50 मीटर तक नेटवर्क भी काम नहीं करेगा। श्रीगंगानगर में एग्जाम के दिन नो एंट्री जोन रहेगा। एग्जाम को देखते हुए रेलवे ने 7 स्पेशल ट्रेन भी चलाने का फैसला लिया है। रेवाड़ी-बठिंडा, बाड़मेर-भगत की कोठी, भगत की कोठी-जयपुर, मदार-रेवाड़ी, रेवाड़ी-जयपुर, जोधपुर-सांगानेर, बीकानेर-ढेहर का बालाजी के बीच एग्जाम स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। एग्जाम 21 जून (रविवार) दोपहर 2 बजे शुरू होगा। सुबह 11 बजे से एंट्री शुरू हो जाएगी। 1.30 बजे एंट्री बंद कर दी जाएगी। आगे पढ़ें- किस शहर में क्या व्यवस्थाएं की गईं… अलवर में री-NEET एग्जाम के 27 सेंटर बनाए गए हैं। जिले में करीब 10 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। हर सेंटर पर HD क्वालिटी वाले सीसीटीवी और जैमर लगाए गए हैं, जिससे आस-पास 50 मीटर तक नेटवर्क भी काम नहीं करेगा। परीक्षा से एक दिन पहले शहर में नाकाबंदी कर अभियान चलाया जाएगा। एग्जाम में किसी भी तरह की अनियमितता की जानकारी मिले तो कोई भी व्यक्ति एसओजी की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 9530429258 पर जानकारी दे सकता है। उदयपुर में जिला स्तरीय समिति बनाई उदयपुर में 29 सेंटर बनाए गए हैं। एक समन्वयक के पास 16 और दूसरे के पास 13 सेंटर होंगे। एग्जाम को लेकर प्रशासन की और से एक समिति बनाई गई है। जिला स्तरीय समिति में सदस्य के तौर पर उदयपुर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडिशनल एसपी उमेश ओझा, केंद्रीय विद्यालय उदयपुर 2 के प्रिंसिपल अरुण कुमार और केंद्रीय विद्यालय 1 के प्रिंसिपल राजराजेश्वर सिंह शामिल हैं। इन दोनों प्रिंसिपल को ही इस परीक्षा का समन्वयक बनाया है। सेंटर पर जैमर लगाए जाएंगे। बिना ई-एडमिट कार्ड और वैध फोटो आईडी के बिना अभ्यर्थी का प्रवेश नहीं होगा। श्रीगंगानगर में केंद्र के 300 मीटर तक नो एंट्री जोन श्रीगंगानगर के 6 केंद्रों पर 2256 कैंडिडेट्स रजिस्टर्ड हैं। इसके तहत प्रत्येक केंद्र के 300 मीटर तक नो-एंट्री जोन लागू रहेगा। जिला साइबर सेल और सोशल मीडिया टीम को एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब, टेलीग्राम, वॉट्सएप और स्नैपचैट जैसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे निगरानी के लिए एक्टिव किया गया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर एक-एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। परीक्षा के दिन फोटो स्टेट और साइबर कैफे की दुकानें भी बंद रहेंगी। हर सेंटर पर जनरेटर लगाए जाएंगे। सह-नोडल अधिकारी भूपेश शर्मा ने बताया- अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड, मूल पहचान-पत्र और पोस्टकार्ड साइज की फोटो के साथ सेंटर पर 11 बजे रिपोर्ट करना होगा। 1:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे। अजमेर में 15 केंद्रों पर 6231 छात्र देंगे एग्जाम अजमेर जिले में कुल 15 सेंटर बनाए गए हैं। अजमेर शहर में 9 केंद्रों पर 3600 और किशनगढ़ में 6 केंद्रों पर 2631 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिले में कुल 6231 छात्र NEET की परीक्षा में शामिल होंगे। जोधपुर में 15 हजार एग्जाम देंगे जोधपुर में 46 सेंटर पर 15 हजार अभ्यर्थी एग्जाम देंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की भी टीम बनाई गई है। टीम के नेतृत्व में तैनात अधिकारी और कर्मचारी हर सेंटर की निगरानी रखेंगे। सीसीटीवी से भी निगरानी रखी जाएगी। पेपर लीक के कारण 3 मई को रद्द हुई थी परीक्षा 3 मई 2026 को NEET-UG परीक्षा देशभर में आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कई राज्यों से प्रश्नपत्र लीक होने और कुछ अभ्यर्थियों को पहले से पेपर मिलने के आरोप सामने आए। जांच में गड़बड़ियों के संकेत मिलने पर NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी। इसके बाद केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों की समीक्षा के आधार पर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया। नीट परीक्षा को लेकर टेलीग्राम पर लगी रोक 22 जून 2026 तक लागू रहेगी। टेलीग्राम का मैसेज-एडिटिंग फीचर भी 30 जून तक बंद किया गया है। … ये भी पढ़ें… राजस्थान-एग्जाम से पहले बेच रहा था री-नीट का फर्जी पेपर:आरोपी स्टूडेंट बैन एप के जरिए कर रहा था डील, बना रखा था खुद का चैनल री-नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) के तीन दिन पहले (21 जून) राजस्थान के भीलवाड़ा से पुलिस ने फर्जी पेपर बेचने वाले स्टूडेंट को पकड़ा है। आरोपी स्टूडेंट बैन टेलीग्राम एप के जरिए डील करता था। (पूरी खबर पढ़ें)
