अलवर में साढ़े सात महीने पहले तेज रफ्तार थार की टक्कर से घायल 4 साल की बच्ची ने गुरुवार रात को दम तोड़ दिया। उसका साढ़े सात महीने से इलाज चल रहा था। इस हादसे में बच्ची के माता-पिता और भाई समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे बच्ची खुशबू की सांसें अचानक तेज चलने लगीं। उसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन ने बताया- हादसे के बाद खुशबू लकवाग्रस्त (पैरालाइज्ड) हो गई थी। उसका जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में एक महीने तक इलाज चला। उसके बाद उसे नांगल खेड़ा में घर ले आए थे। वहीं उसका इलाज चल रहा था। खुशबू को हर महीने जयपुर दिखाने जाते थे। घर पर दवाइयां दी जाती थी। गाड़ी की छत पर मिली थी बच्ची 2 नवंबर 2025 को शाम करीब 7:30 बजे सदर थाना क्षेत्र में छठी मील पर सड़क पार कर रहे बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार थार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में नांगल खेड़ा निवासी महेंद्र (35), उनकी पत्नी गुड्डी (35), बेटा पूर्वांश (2) और भतीजी पायल (8) की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि महेंद्र उछलकर घटनास्थल से 200 मीटर दूर और गुड्‌डी 100 मीटर दूर गिरी। पूर्वांश और पायल का शव 100 मीटर के दायरे में सड़क पर पड़ा हुआ था। महेंद्र की बेटी खुशबू 500 मीटर दूर थार की छत पर घायल अवस्था में मिली, उसे गंभीर चोटें आई थीं। थार ड्राइवर गाड़ी छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गया था। पांच लोगों की जान जा चुकी परिवार के सदस्य करण सिंह ने बताया कि इस हादसे में अब तक पांच लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन और सरकार की ओर से अभी तक कोई ठोस सहायता या आश्वासन नहीं मिला है। महेंद्र के चार बेटियां और एक बेटा था। अब उसकी तीन बेटियां बची हैं। इन बच्चियों के सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है। उनके पालन-पोषण को लेकर परिवार चिंतित है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। … ये खबर भी पढ़िए… तेज रफ्तार थार ने परिवार को कुचला, 4 की मौत:बेटे-भतीजी के साथ शादी से लौट रहे थे पति-पत्नी, गाड़ी की छत पर मिली घायल बच्ची अलवर में एक तेज रफ्तार थार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक को थार 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में पति-पत्नी, बेटे और भतीजी की मौत हो गई। एक भतीजी गंभीर रूप से घायल है। (पढ़िए पूरी खबर)