राजस्थान की राजनीति में अमूमन एक-दूसरे के खिलाफ तलवारें खींचने वाले दल जब हाथ मिला लें, तो समझ जाइए कि मामला असाधारण और गंभीर है। ऐसा ही एक दुर्लभ और ‘अजब-गजब’ नजारा सोमवार को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर देखने को मिला। दरअसल, पीलीबंगा थानाधिकारी राय सिंह के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग को लेकर परस्पर विरोधी विचारधारा वाले दल- भारतीय जनता पार्टी (BJP), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Congress) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) के शीर्ष पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर एसपी कार्यालय पहुंच गए।