राजस्थान में सोमवार को तापमान गिरने से रात में ठंडक बढ़ गई। हिल स्टेशन माउंट आबू में तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। वहीं, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर में दिन के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट हुई। यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों की माने तो इस सप्ताह प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। अगले सप्ताह 12 अक्टूबर से एक वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के एक्टिव होने से राज्य में बारिश हो सकती है। मौसम के बड़े अपडेट्स रात में गुलाबी ठंडक: राज्य के दक्षिणी जिलों में रात में गुलाबी ठंडक शुरू हो गई। उदयपुर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस, डूंगरपुर में 19.6, सिरोही में 18.9, प्रतापगढ़ में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में भी दिन के तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई। यहां पारा 40 डिग्री से नीचे रहा। अब आगे क्या: मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकांश शहरों का तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री के बीच दर्ज होने की संभावना है। बारिश का अलर्ट: 12 अक्टूबर से राज्य के मौसम में बदलाव हो सकता है। एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने से राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर: सोमवार को दिनभर मौसम साफ। तेज धूप रहने से गर्मी रही, लेकिन शाम को मौसम बदल गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ऊपर रहा। उदयपुर: पिछले 24 घंटों में दिन और रात में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 5 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 4 अक्टूबर को यह 35.4 डिग्री था। इस तरह अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की मामूली गिरावट आई है। वहीं न्यूनतम तापमान में में 1.4 डिग्री की कमी आई है। जोधपुर: सोमवार को अधिकतम तापमान 37.5 ​डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक दर्ज हुआ। 11 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान स्थिर रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। कोटा: सोमवार को आसमान साफ रहा। दिनभर तेज धूप रही। दिन का पारा 2 डिग्री बढ़कर 38 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज हुआ। तापमान बढ़ने से गर्मी व उमस का असर बरकरार है। मौसम विभाग ने एक सप्ताह मौसम ड्राई रहने और धूप निकलने की संभावना जताई है। अजमेर: सोमवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप के कारण गर्मी का असर रहा, वहीं रात में तापमान गिरने से हल्की ठंड महसूस होने लगी है। अलवर: सोमवार सुबह से मौसम सामान्य रहा। दोपहर के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का असर रहा। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, शाम के समय हल्की ठंडक रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तक रात के तापमान में तेजी से गिरावट होने की संभावना है। सीकर: जिले के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन-रात के तापमान में अंतर बढ़ने लगा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री दर्ज किया गया है।