सीकर में 18 अगस्त को लाखों की रिश्वत लेते उत्तर प्रदेश (UP) पुलिस के चार पुलिसवाले पकड़े गए थे। इनकी कार की तलाशी में टूल बॉक्स सहित दूसरी जगहों पर छुपाए गए 1.80 लाख रुपए भी मिले हैं। राजस्थान ACB को शक है कि यूपी की पुलिस टीम और भी जगह से घूस लेते हुए यहां पहुंची थी। अयोध्या साइबर पुलिस टीम के पुलिसकर्मी सीकर में एक पुराने साइबर केस में रिश्वत लेने आए थे। उन्होंने इस मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 8 लाख की रिश्वत मांगी थी। आरोपियों से पहले वो चार लाख रुपए ले चुके थे। 18 अगस्त को रिश्वत के बाकी 2.80 लाख रुपए लेते हुए उन्हें राजस्थान एसीबी ने पकड़ लिया। रिश्वतखोर पुलिसकर्मियों ने ACB से बचने के लिए उनकी कार को टक्कर भी मारी थी, लेकिन सभी पकड़े गए। 4 लाख रुपए लेने के बाद 4 लाख और मांगे 17 अगस्त को राजस्थान ACB टीम के पास सीकर निवासी पीड़ित पहुंचा था। उसने कहा कि उसके भाई के खिलाफ 2024 में अयोध्या के साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस ने मामले को रफा-दफा करने के लिए 8 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। तब 4 लाख रुपए दे दिए थे। अब वो पुलिस टीम फिर से 4 लाख रुपए और मांग रही है। शिकायत करने वाले ने बताया कि यूपी की पुलिस टीम एक दिन पहले (16 अगस्त) सीकर आ गई है। रिश्वत लेने आई टीम में अयोध्या साइबर पुलिस के सब इंस्पेक्टर यशवंत सिंह, कॉन्स्टेबल गौरव,सोहन और पवन त्रिपाठी हैं। रिश्वत लेन-देन की सारी बात कॉन्स्टेबल गौरव कर रहा है। काफी जिद-बहस के बाद पुलिस 4 लाख की जगह 2.80 लाख रुपए लेने पर अड़ गई है। रिश्वत से पहले मोबाइल कब्जे में लिए और आगे मिलने को कहा जब रिश्वत लेने की बात की पुष्टि हो गई, तब 18 अगस्त को राजस्थान ACB ने जाल बिछाना शुरू कर दिया। जयपुर-बीकानेर बाईपास तिराहा स्थित एक होटल के पास शिकायतकर्ता रिश्वत लेकर खड़ा हो गया। थोड़ी देर बाद यूपी पुलिस टीम क्रेटा कार से होटल पहुंची। होटल के पास जब रिश्वत देने के लिए शिकायतकर्ता और उसका साथी पहुंचे तो यूपी पुलिस टीम ने सीधे रिश्वत नहीं ली। पुलिस टीम ने दोनों के मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए और कार के पीछे-पीछे आने को कहा। कुछ किलोमीटर चलने के बाद यूपी पुलिस टीम ने शिकायकर्ता को अपनी कार में बैठाया और फिर रिश्वत लेकर कार से उतार दिया। इसके बाद दोनों के मोबाइल वापस सौंपे। गाड़ियां टकराईं, रिश्वत का पैकेट फेंका इसके बाद राजस्थान ACB टीम ने क्रेटा का पीछा करना शुरू कर दिया। आगे टोल नाके से करीब 3 किलोमीटर दूर एक शिक्षण संस्थान के पास यूपी पुलिस टीम की कार के आगे राजस्थान ACB टीम ने अपनी कार लगा दी। पीछे भी राजस्थान पुलिस की कार लगा दी, जिससे आरोपी निकल नहीं पाएं। इसके बावजूद यूपी पुलिस टीम ने अपनी कार नहीं रोकी और राजस्थान ACB की कारों को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। ACB ने जैसे-तैसे क्रेटा को रुकवाया। इतने में यूपी पुलिस टीम ने रिश्वत का पैकेट कार से बाहर झाड़ियों में फेंक दिया। पैकेट को राजस्थान ACB ने ढूंढा और कब्जे में ले लिया। राजस्थान ACB ने जब 2.80 लाख रुपए की रिश्वत के पैकेट के बारे में पूछा तो यूपी पुलिस टीम ने जवाब देने से मना कर दिया। कहा कि उन्होंने कोई रिश्वत नहीं ली है, बाकी जवाब कोर्ट में देंगे। टूल बॉक्स तक में छुपाए थे पैसे रिश्वत मामले में पकड़ने के बाद राजस्थान ACB टीम ने क्रेटा की तलाशी ली। गियर बॉक्स के पास बने टूल बॉक्स तक में रुपए छिपाए हुए थे। तलाशी में क्रेटा कार की डिग्गी में रखे एक बैग में 1 लाख रुपए, दूसरे में 18 हजार 500 रुपए मिले। इसके बाद तलाशी लेने के दौरान क्रेटा का टूल बॉक्स खोला, तो उसमें भी 61 हजार 800 रुपए और मिले। इसके बाद ACB टीम ने आरोपियों से पूछताछ की। एक लाख रुपए से भरे बैग को कॉन्स्टेबल पवन त्रिपाठी ने अपना बताया। कहा- पत्नी और भाई से लेकर आया हूं। 18 हजार 500 रुपए के बारे में SI यशवंत सिंह ने कहा- ये पैसे मेरे हैं। घर से निकलते हुए खर्चे के लिए रखे थे। टूल बॉक्स में मिले 61 हजार 800 रुपए के बारे में आरोपियों ने कहा कि ये पैसे उन चारों के हैं। खर्चे के लिए लाए थे। इस पर ACB ने सवाल किया- खर्चे के लिए पैसे टूल बॉक्स में कौन छिपाकर लाता है। ACB ने इस पूरी राशि को जब्त कर लिया है। शक है कि ये भी किसी ओर से की गई वसूली की राशि हो सकती है। इसे लेकर भी जांच की जा रही है। चारों आरोपी सस्पेंड सीकर ACB के ASP विजय सिंह ने बताया कि सब इंस्पेक्टर यशवंत सिंह, कॉन्स्टेबल गौरव,सोहन और पवन त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। चारों साइबर क्राइम थाना अयोध्या में तैनात थे। उधर, अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने पर चारों को निलंबित कर दिया। …. ये खबर भी पढ़िए…. 800-KM दूर अयोध्या से घूस लेने पहुंचे, 4 पुलिसकर्मी गिरफ्तार:सीकर में 3 दिन रुके, 2.80 लाख रुपए रिश्वत लेकर जाते समय ACB ने पकड़ा
सीकर में ACB टीम ने अयोध्या (UP) साइबर पुलिस के SI और 3 कॉन्स्टेबल को 2.80 लाख रुपए रिश्वत लेकर जाते समय पकड़ा। पुलिसकर्मी साइबर ठगी के आरोपी से घूस लेकर अयोध्या लौट रहे थे। पूरी खबर पढ़िए…
