मोहाली में प्यार के अंधे जुनून में नाबालिग बेटी ने पहले पिता को झांसे में लिया और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पत्नी गांव खानपुर निवासी राजवंत कौर ने पुलिस को बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी का गांव दाऊ माजरा निवासी विकास शाह से प्रेम संबंध था। बेटी शादी के लिए परिवार पर दबाव बना रही थी, लेकिन नाबालिग होने के कारण पिता गुरसेवक सिंह इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। बेटी ने दी थी परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी आरोप है कि बेटी ने परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी। मां कई दिनों से भाई के घर गई हुई थी । 2 मई को वापस लौटी तो घर पर पति नहीं मिले। तलाश करने पर कुछ पता नहीं चला । संदेह होने पर पुलिस में शिकायत दी गई। जिसमें मां ने बताया कि बेटी प्रेम विवाह के विरोध के चलते उन्हें मारने की धमकियां दे रही थी। पुलिस ने बेटी और प्रेमी विकास शाह को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि यह घटना 1 मई की रात की है। नाबालिग बेटी ने पेट दर्द का बहाना बनाकर पिता गुरसेवक सिंह को घर से बाहर ले गई। अस्पताल पहुंचने के बाद उसने अपने प्रेमी को बुलाया। इसके बाद दोनों ने गुरसेवक सिंह को बातों में उलझाकर कार में बैठाया और मोरिंडा नहर के पास एक सुनसान इलाके में ले गए। गला रेतकर मारा वहां धारदार ब्लेड से उनका गला रेतकर हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को नहर में फेंक दिया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करने की बात कबूल कर ली। नाबालिग लड़की को जुवेनाइल जेल भेज दिया गया है, जबकि आरोपी युवक पुलिस रिमांड पर है। एसएचओ अमरिंदर सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। नहर में शव की तलाश लगातार जारी है।