बांसवाड़ा जिले के सदर थाना पुलिस ने मोबाइल लूट के एक मामले में शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लूटा हुआ मोबाइल भी बरामद कर लिया है। ससुराल से लौट रहे युवक से छीनकर भागा मोबाइल ​पुलिस ने बताया कि 17 दिन पहले मोटागांव निवासी राजू सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया था कि 11 अप्रैल की रात करीब 9 बजे वह अपने ससुराल साबला से लौट रहा था। चिड़ियावासा के पास मेन रोड पर वह एक पंप के पास मोटर साइकिल रोककर पेशाब करने लगा। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसका कीमती मोबाइल छीनकर खेतों की ओर भाग निकला। पीड़ित ने पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया। ​​मुखबिर और तकनीकी सहायता से चढ़ा हत्थे थानाधिकारी रूपसिंह के नेतृत्व में पुलिस ने पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड खंगाले और तकनीकी मदद ली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रुजिया के रहने वाले राहुल चरपोटा (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। टीम में थानाधिकारी रूपसिंह के साथ एसआई रामलाल, एएसआई रमेश चंद्र, हेड कांस्टेबल गजेंद्र सिंह, कांस्टेबल नीलेश, सुरेंद्र सिंह, यशवर्धन सिंह और महिला कांस्टेबल दुर्गा शामिल थीं।