मोगा के अजीतवाल थाना क्षेत्र में स्पायर पैलेस के पास हुए एक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। उनका 5 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत में लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव चंद पुराना निवासी सरबजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी परमजीत कौर (लगभग 29 वर्ष) अपने पति भवजीत सिंह (निवासी गुज्जरवाल, लुधियाना) और 5 वर्षीय बेटे हरजीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर अपने मायके चंद पुराना आ रही थीं। सरबजीत सिंह भी अपने मोटरसाइकिल पर उनके पीछे चल रहे थे। शाम करीब 7-8 बजे जब वे अजीतवाल पुल के पास स्पायर पैलेस के नजदीक पहुंचे तो सामने से गलत दिशा में आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। इस दुर्घटना में परमजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल भवजीत सिंह को तुरंत मोगा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंधेरा होने के कारण ट्रक का नंबर नोट नहीं हो सका और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल हरजीत सिंह को इलाज के लिए लुधियाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

You missed