मोगा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 17 ग्राम हेरोइन और 82 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, थाना अजीतवाल के सहायक थानेदार जगवंत सिंह ने पुलिस टीम के साथ गश्त के दौरान कोकरी कलां से तलवंडी मलियां रोड पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान प्रकाश सिंह उर्फ वीरू, सेवा सिंह उर्फ अमनदीप सिंह (निवासी किशनपुरा कलां) और तरनप्रीत कौर उर्फ नवी (निवासी तलवंडी मलियां) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 5 ग्राम हेरोइन और 32 नशीली गोलियां मिलीं। इसी कड़ी में, थाना स्मालसर की सहायक थानेदार सतनाम कौर ने गश्त के दौरान बोहड़ सिंह (निवासी ठठी भाई) को पकड़ा। उसके पास से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरे मामले में 50 नशीली गोलियां बरामद एक अन्य मामले में, थाना निहाल सिंह वाला के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी बिलासपुर के इंचार्ज थानेदार प्रीतम सिंह ने अपनी टीम के साथ गश्त करते हुए गगनदीप सिंह उर्फ गगना (निवासी गांव रौंता) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 5 ग्राम हेरोइन और 50 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि वे नशीले पदार्थ कहां से प्राप्त करते थे और किन लोगों को इसकी आपूर्ति करते थे। पूछताछ पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। मोगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।