मोगा शहर के अकालसर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के बाथरूम में रविवार को एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गांव कोरेवाला निवासी गुरतेज सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से कैंटर चालक था। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी मोगा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरतेज सिंह शौच के लिए पेट्रोल पंप के बाथरूम में गया था। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला, तो पेट्रोल पंप कर्मचारियों को किसी अनहोनी का शक हुआ। कर्मचारियों ने जब बाथरूम का दरवाजा खोलकर देखा, तो गुरतेज सिंह अंदर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम कार्रवाई घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिटी मोगा के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में ले लिया। मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर भुल्लर ने कहा कि फिलहाल मौत के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।” परिजनों के बयान पर होगी आगे की कार्रवाई पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।