मोगा के धर्मकोट थाना क्षेत्र के गांव किशनपुरा कलां में जमीन एग्रीमेंट के बाद गेहूं की फसल और दो ट्रैक्टर चोरी का मामला सामने आया है। किसान मनदीप सिंह ने आरोप लगाया है कि जिन व्यक्तियों से उन्होंने जमीन का सौदा किया था, उन्होंने चोरी से उसकी गेहूं की फसल काट ली और दो ट्रैक्टर भी ट्रॉलियों पर लादकर ले गए। इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। धर्मकोट पुलिस ने मनदीप सिंह के बयानों के आधार पर बलजिंदर सिंह, काला सिंह, कमलजोत सिंह (निवासी गांव कोकरी वहिणीवाल) और प्रभदीप सिंह (निवासी अजीतवाल) सहित 4-5 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस चौकी किशनपुरा कलां के इंचार्ज, सहायक थानेदार बूटा सिंह, मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनदीप सिंह ने बताया कि कथित आरोपी बलजिंदर सिंह और रविंदर सिंह (दोनों निवासी गांव कोकरी वहिणीवाल) ने उनकी पांच किल्ले (40 कनाल 3 मरले) जमीन का सौदा 1 करोड़ 40 लाख रुपये में किया था। यह जमीन गांव किशनपुरा कलां में स्थित है। सौदे के तहत 39 लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे, जबकि बाकी रकम बकाया थी। मनदीप सिंह के अनुसार, उन्होंने आरोपियों को जमीन का कब्जा नहीं दिया था। इसके बावजूद, आरोपियों ने मिलीभगत कर 12-13 अप्रैल की रात को उनकी जमीन में खड़ी गेहूं की फसल को कंबाइन से काट लिया। वे कटी हुई फसल और मनदीप सिंह के दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लादकर ले गए। घटना का पता चलने पर मनदीप सिंह ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
