राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। जयपुर में निजी तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम में इजाफा किया है। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद नायरा के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत 112.97 रुपए से बढ़कर 117.97 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल के दाम 97.78 रुपए से बढ़कर 100.78 रुपए प्रति लीटर पहुंच गए हैं। कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर निजी वाहन चालकों, दोपहिया वाहन उपयोगकर्ताओं और डीजल से चलने वाले वाहनों के परिचालन खर्च पर पड़ेगा। देशभर में नायरा कंपनी के 7,100 से ज्यादा पेट्रोल पंप दरअसल, कंपनी की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी का कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में इजाफा होना बताया जा रहा है। वैश्विक बाजार में लागत बढ़ने से निजी ईंधन कंपनियों के मार्जिन पर दबाव पड़ रहा है। ऐसे में नायरा एनर्जी ने बढ़ी हुई लागत के अनुरूप पेट्रोल-डीजल के दाम में संशोधन किया है। देशभर में कंपनी के 7,100 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं, जहां 3 अक्टूबर से नई कीमतें लागू की गई हैं। सरकारी तेल कंपनियों के दाम पर भी नजर नायरा एनर्जी की ओर से कीमतें बढ़ाए जाने के बाद अब सरकारी तेल कंपनियों के पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, सरकारी तेल कंपनियों की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर फिलहाल कोई घोषणा नहीं हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और ईंधन की लागत में होने वाले बदलावों के बीच आगे के फैसलों पर नजर रहेगी। सरकारी तेल कंपनियों ने इससे पहले बढ़ती अंतरराष्ट्रीय लागत के बावजूद खुदरा कीमतों को काफी हद तक स्थिर रखा है। बता दें कि नायरा के पेट्रोल पंपों पर कीमतें बढ़ने से अब वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा। खासकर रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले लोगों और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन खर्च पर इसका असर पड़ सकता है।
