फरीदकोट के कोटकपूरा में श्री ब्राह्मण सभा की ओर से रविवार को भगवान परशुराम मंदिर और श्री वेंकटेश्वर धाम में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और उपस्थित लोगों को भगवान परशुराम जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। समारोह की शुरुआत हवन-यज्ञ से हुई, जिसके बाद श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड पाठ का भोग डाला गया। इस दौरान श्री ब्राह्मण सभा द्वारा संचालित माता रेणुका सिलाई केंद्र में एक वर्ष का कोर्स पूरा करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र और सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं। भजन संध्या में गायकों ने मन मोहा भजन संध्या के दौरान भजन गायक अमरनाथ शर्मा, काजल अरोड़ा श्याम दीवानी सहित अन्य कलाकारों ने भजनों के माध्यम से भगवान का गुणगान किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। अपने संबोधन में विधानसभा स्पीकर संधवां ने सभी को भगवान परशुराम जन्मोत्सव की बधाई देते हुए पंजाब की तरक्की के लिए मिल-जुलकर काम करने का आह्वान किया। श्री ब्राह्मण सभा के प्रधान विजय स्वामी और सचिव अखिल कौशिक ने बताया कि संस्था द्वारा हर वर्ष भगवान परशुराम जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है, जिसमें समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिलता है। इस अवसर पर स्पीकर के पीआरओ मनप्रीत सिंह मनी धालीवाल, कांग्रेस के हलका इंचार्ज अजय पाल सिंह संधू, यूथ कांग्रेस नेता साहू सिंह संधू, यूथ अकाली नेता अनुप्रताप सिंह बराड़, आशु गर्ग, मदन मलिक, सभा के उपप्रधान स्वतंत्र जोशी, वित्त सचिव विकास शर्मा, कैलाश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
