लुधियाना के मुल्लांपुर दाखा में हुई 10 लाख रुपए की लूट का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि लूटी गई रकम में से 4 लाख रुपए भी बरामद किए गए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस संबंध में थाना दाखा में मुकदमा दर्ज किया गया था। डीएसपी दाखा करन सिंह संधू ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि शिकायतकर्ता साहिब निवासी जिला शामली, उत्तर प्रदेश, जो वर्तमान में कोरा पट्टी, महल कलां, जिला बरनाला में रहते हैं, अपने जीजा राशिद के साथ भैंसों का कारोबार करते हैं। वे पंजाब से भैंस खरीदकर उत्तर प्रदेश में बेचते थे। बाइक सवार लुटेरों ने रुपयों से भरा बैग छीना उन्होंने बताया कि 3 मई की सुबह साहिब भैंस बेचकर करीब 10 लाख रुपए लेकर एक ट्रक में वापस लौट रहे थे। सुबह लगभग 4 बजे जब वह मंडी मुल्लांपुर पहुंचे, तो ट्रक चालक उमर फारुख ने उन्हें नीचे उतरने के लिए कहा। जैसे ही वह अपने बैग सहित फ्लाईओवर के पास उतरे, तभी दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना दाखा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी लुधियाना (देहात) के निर्देश पर डीएसपी करन सिंह संधू की निगरानी में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करते हुए मामले का खुलासा किया। मुजफ्फरनगर और शामली के रहने वाले हैं आरोपी पुलिस ने इस मामले में मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी उमर फारुख और शामली, उत्तर प्रदेश निवासी सादिक उर्फ मास्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 4 लाख रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों सदाब गुर्जर उर्फ मोनू, साहिल और सलमान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। डीएसपी करन सिंह संधू ने कहा कि सब-डिवीजन दाखा की पुलिस लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
