भरतपुर जिले में एक महिला को एक साथ दो सांपों ने काट लिया। महिला के चिल्लाने पर परिजन पहुंचे तो पास पड़ी ईंटों के बीच धामन और कोबरा सांप बैठे थे। परिजनों ने कोबरा को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार दिया। जबकि धामन को पकड़ लिया। महिला और दोनों सांपों को लेकर हॉस्पिटल पहुंचे। डॉक्टरों को सांप दिखाए और इलाज के लिए कहा। मामला बयाना क्षेत्र में शनिवार सुबह 8 बजे का है। सांपों को कट्टे में देख अस्पताल में एक बार हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने कोबरा का जहर शरीर में फैलने से पहले ही महिला को एंटी वेनम दिया गया। ईंटों के बीच में बैठे थे सांप महिला के भतीजे नरेंद्र सिंह निवासी रछुआ जगनेर (यूपी) ने बताया- घर पर निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार सुबह मेरी बुआ बबीता (48) घर में इकट्ठी करके रखी गई ईंटों को उठा रही थीं। तभी ईंटों के बीच में छिपे दो सांपों ने बुआ के हाथ पर काट लिया। घटना के बाद बुआ चिल्लाने लगीं। आवाज सुनते ही तुरंत घर के लोग पहुंचे। बुआ ने बताया कि ईंटों के बीच बैठे दो सांपों ने उन्हें काट लिया है। ईंटों के बीच देखा तो 2 सांप बैठे थे। इसमें एक कोबरा था और एक धामन सांप था। हमने लाठी-डंडों से कोबरा को मार डाला और धामन को पकड़कर कट्टे में डाल दिया। इसके बाद मरे हुए कोबरा को भी इसी कट्टे में भरकर अस्पताल पहुंच गए। बयाना अस्पताल में पहुंचे नरेंद्र ने बताया- बुआ को तुरंत जगनेर के अस्पताल लेकर गए। वहां से आगरा रेफर कर दिया गया। हम आगरा न जाकर बयाना ले आ गए। यहां डॉक्टर को पूरी घटना बताई और कट्टे में मौजूद सांपों को दिखाया। कोबरा का जहर शरीर में फैल रहा था डॉक्टर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि महिला सुबह आई थी। जिसे कोबरा और धामन प्रजाति के सांपों ने काटा था। धामन में जहर नहीं होता, लेकिन कोबरा के काटने के कारण शरीर में जहर फैल रहा था। जहर का असर महिला की आंखों पर दिखाई दिया। समय पर आने से इलाज शुरू कर दिया गया। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर है। सांप के काटने की ये खबर भी पढ़ें… डेयरी कर्मचारी को अजगर ने काटा,बाल्टी में हॉस्पिटल ले गया:बोला- इलाज कर दो, इसी ने काट लिया, अस्पताल में मचा हड़कंप बांसवाड़ा में सरस डेयरी के कर्मचारी को अजगर ने काट लिया। कर्मचारी ने साथियों की मदद से उसे बाल्टी में डाला और अस्पताल लेकर पहुंच गया। पूरी खबर पढ़े…
