प्रतापगढ़ में महिला कॉन्स्टेबल का शव सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। साथी कॉन्स्टेबल ईद में लगी ड्यूटी के लिए बुलाने गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। खटखटाने पर काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला तो गेट तोड़ा गया। मामला छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 7 बजे का है। मौके पर FSL टीम को बुलाया गया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। साथी कॉन्स्टेबल का कॉल अटेंड नहीं किया एसपी बी. आदित्य ने बताया- छोटी सादड़ी थाने में पोस्टेड कॉन्स्टेबल शोम कंवर (26) पुत्री कुशल सिंह निवासी वरमंडल, प्रतापगढ़ का शव सरकारी क्वार्टर से मिला है। शोम की आज सुबह ईद को लेकर ड्यूटी थी। उन्हें ड्यूटी पर जाना था। साथियों ने कॉल किया तो उन्होंने अटेंड नहीं किया। इस पर स्टाफ के लोग उन्हें बुलाने सुबह करीब 7 बजे सरकारी क्वार्टर पर गए। काफी देर तक खटखटाने पर अंदर से दरवाजा नहीं खोला तो सीनियर अफसर को सूचना दी गई और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर घुसने पर रूम में पंखे पर फंदे से शोम का शव लटका हुआ था। एसपी ने बताया कि मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। रात में पिता से हुई थी बात शोम के अंकल मनोहर सिंह ने बताया- बुधवार रात करीब 9 बजे शोम से उसके पापा की बात हुई थी। शोम के पापा उदयपुर गए हुए थे। वहां से लौटते समय शोम की बात हुई थी। तब तक तो सब सही था। एक साल से छोटी सादड़ी थाने में थी पोस्टिंग शोम 2022 बैच की कॉन्स्टेबल थी। उनकी पहली पोस्टिंग जलोदा जागीर में हुई थी। करीब 6 महीने तक ड्यूटी की। एक साल पहले ही उनकी पोस्टिंग छोटी सादड़ी में हुई। शोम करीब 3 साल से पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल के पद पर थीं। शोम चार भाई-बहन में तीसरे नंबर की थी।
