बांसवाड़ा में पिता से मिली जमीन को हड़पने के लिए पति ने पत्नी की हत्या कर दी। बर्तन साफ करते समय सरिए से वार कर महिला का सिर फोड़ दिया। घटना के बाद लहूलुहान पत्नी को तड़पते हुए छोड़कर आरोपी फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने डिटेन कर लिया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नबीपुरा इलाके में गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे हुई। जमीन अपने नाम कराने की बात को लेकर गुरुवार सुबह पति सूरज मईड़ा (35) का पत्नी इतरी मईड़ा (32) से झगड़ा हुआ था। सिलसिलेवार पढ़िए, पूरा घटनाक्रम… 1. जमीन अपने नाम कराने का बनाता था दबाव कोतवाली थाने के ASI चंद्रवीर सिंह ने बताया- इतरी मईड़ा पुत्री रूपजी का पीहर सुरपुर ढाणी (सदर थाना क्षेत्र) में है। 18 साल पहले इतरी की शादी नबीपुरा (बांसवाड़ा) निवासी सूरज पुत्र धनजी मईड़ा से हुई थी। शादी के समय पिता ने इतरी को एक बीघा जमीन गिफ्ट में दी थी। करीब 6 महीने ही जमीन को इतरी के नाम करवाया था। सूरज लगातार उस जमीन को अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। इसी चलते दोनों के बीच विवाद हो रहा था। 2. सुबह विवाद के बाद सरिए से किया हमला आरोपी सूरज के बड़े भाई गौतम का घर उनके मकान के पास ही है। गौतम ने बताया- गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे पति-पत्नी अपने घर पर थे। जमीन के नामांतरण को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इस दौरान इतरी बर्तन साफ कर रही थी। तभी गुस्से में आए सूरज ने घर में रखा सरिया उठाकर इतरी के सिर पर हमला कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि इतरी खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ी। वारदात के बाद सूरज मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर मैं उनके घर पहुंचा। गंभीर रूप से घायल इतरी को संभाला। ऑटोरिक्शा में तुरंत जिला हॉस्पिटल लेकर गए। हालांकि, हॉस्पिटल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद इतरी को मृत घोषित कर दिया। 3. पुलिस ने आरोपी पति को किया डिटेन कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिशनोई बताया- घटना के बाद फरार आरोपी पति सूरज को डिटेन कर लिया। इतरी का शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने बताया कि पीहर पक्ष और परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इतरी और सूरज के तीन बेटे हैं। आरोपी सूरज पेंट और पुताई का काम करता है।
