हनुमानगढ़. मनरेगा में पिछले तीन दिनों से हाजिरी दर्ज नहीं होने से नाराज मजदूरों ने अखिल भारतीय राजस्थान खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के बैनर तले जिला परिषद कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जल्द समाधान की मांग की। यूनियन के प्रतिनिधि रघुवीर वर्मा ने बताया कि सरकार की ओर से जारी किए गए नए एप में तकनीकी खामियों के कारण प्रदेश के करीब छह लाख तथा हनुमानगढ़ जिले के लगभग 37 हजार मजदूरों की हाजिरी दर्ज नहीं हो पा रही है।
