अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय सिरोही के बाहर NEET परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं और पेपर लीक मामलों को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के माध्यम से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व ABVP नगर मंत्री ललित कुमार लाखारा और नगर सह मंत्री हितेश कुमार नामदेव ने किया। ज्ञापन में बताया गया कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और पारिवारिक त्याग के साथ NEET परीक्षा की तैयारी की है। ऐसे में परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है। परिषद कार्यकर्ताओं ने मांग की कि NEET परीक्षा से जुड़े सभी मामलों की पारदर्शी जांच करवाई जाए। उन्होंने पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं में शामिल दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुरक्षित बनाने की अपील की।