राजसमंद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोरज में ग्राम रथ के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कार्यक्रम में ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने गांव पहुंचने पर ग्राम रथ का स्वागत किया। इस अवसर पर एसडीएम बृजेश गुप्ता, तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह, विकास अधिकारी भवानी शंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विधायक बोलीं– सरकार का फोकस सबको मिले लाभ कार्यक्रम में विधायक माहेश्वरी ने कहा– राज्य सरकार का उद्देश्य हर पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। ग्राम रथ के माध्यम से योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है, जिससे पात्र लोगों को मौके पर ही आवेदन और लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।