भारत- पाकिस्तान बॉर्डर पर बसे जैसलमेर के सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में मंगलवार को इनकम टैक्स विभाग ने छापा मारा। जांच टीम ने संदिग्ध जमीनों से जुड़े लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की। इस कार्रवाई में उदयपुर और जैसलमेर की संयुक्त टीम शामिल है। करीब आठ सदस्यीय टीम कार्यालय पहुंचकर विभिन्न भूमि रजिस्ट्रियों और संबंधित रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जांच का मुख्य फोकस उन जमीन रजिस्ट्रियों पर है, जिनमें पैन कार्ड का उपयोग नहीं किया गया है या गलत जानकारी देकर रजिस्ट्री कराई गई है। टीम संबंधित फाइलों और दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और काले धन के संभावित उपयोग से जुड़े मामलों का ब्यौरा एकत्र कर रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। हाल ही में महेश कुल्हरी ने जिले के इनकम टैक्स ऑफिसर के पद पर कार्यभार संभाला है। सरकारी ऑफिस में आयकर विभाग की कार्रवाई के चलते दिनभर कर्मचारियों और आम लोगों के बीच हलचल का माहौल बना रहा। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ये खबर भी पढ़िए… जज ने कहा- ‘ना मंदिर, ना मस्जिद…राष्ट्र प्रधान रहे’:हाईकोर्ट में फैसला सुनाते हुए बोले- राष्ट्र सुरक्षा सर्वोपरि; बॉर्डर पर हर प्रॉपर्टी की होगी जांच राजस्थान हाईकोर्ट ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोपरि है और आस्था के नाम पर बॉर्डर पर कानून और नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जा सकता। जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बने धार्मिक स्थलों को हटाने के लिए जारी नोटिसों को चुनौती देने वाली याचिकाओं को सोमवार को खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया। पूरी खबर पढ़िए