प्रतापगढ़ में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की जिला स्तरीय बैठक खुशी पैलेस में संपन्न हुई। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान, आगामी पंचायती राज चुनाव की रणनीति और पार्टी के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष मुकेश बरोड़ ने संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। ये रहे चर्चा के बिन्दू चर्चा के मुख्य बिंदुओं में संगठनात्मक मजबूती, सभी समुदायों को साथ लेकर चलना, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना शामिल था। वक्ताओं ने दोहराया कि भारत आदिवासी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी पंचायती राज चुनाव के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई। पार्टी ने वार्ड पंच से लेकर सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रधान और जिला प्रमुख तक सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। इसके लिए बूथ, ग्राम और मंडल स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने पर सहमति बनी। कार्यकताओं ने लिया संगठन मजबुती का संकल्प बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। जिला अध्यक्ष मुकेश बरोड़ ने सभी उपस्थित प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। ये रहे मौजूद बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रमेश निनामा, प्रदेश अध्यक्ष रमेश मईडा, प्रतापगढ़ विधायक प्रत्याशी मांगीलाल निनामा, धरियावद विधायक प्रत्याशी थावरचंद डामोर और जिला अध्यक्ष मुकेश बरोड़ सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। मुस्लिम समुदाय से एडवोकेट मोहम्मद हुसैन मंसूरी भी उपस्थित थे। सभी वक्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया।
