आरएसएस सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत रविवार शाम मेवाड़ के प्रसिद्ध धाम चारभुजा नाथ मंदिर पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच शाम 7.35 बजे उन्होंने संध्या आरती के दर्शन किए और ठाकुरजी के समक्ष श्रद्धापूर्वक नमन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने परंपरानुसार डॉ. भागवत के मस्तक पर केसर का लेपन किया और माला पहनाकर स्वागत किया। उन्हें मेवाड़ी पगड़ी पहनाई गई तथा ठाकुरजी की छवि भेंट की गई। पुजारियों ने पान बीड़ा, चरणामृत, इत्र और प्रसाद भी भेंट किया। डॉ. भागवत ने मंदिर की सदियों पुरानी परंपराओं और पांडव कालीन इतिहास के बारे में जानकारी ली। उनके दौरे को लेकर मंदिर और कस्बे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। मंदिर में ट्रस्टी, पुजारी, चोवटिया, भंडारी और 18 पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। अन्य लोगों को बाहर रखा गया। दर्शन के दौरान कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, एसपी हेमंत कलाल, एएसपी महेंद्र पारीक सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। भागवत के आगमन से पहले बस स्टैंड से बाजार तक वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इस दौरान कुछ समय के लिए मंदिर प्रवेश रोक दिया गया। धनाईका पहुंचे भागवत
दर्शन के बाद डॉ. भागवत भोपाजी की भागल-बाईपास-बोरड़ तलाई मार्ग से काफिले के साथ साथिया ग्राम पंचायत के धनाईका पहुंचे। यहां वे आरएसएस के स्थानीय खंड प्रचारक श्रेणीदान सिंह चारण के घर गए।