भरतपुर जिले में हुए दो अलग-अलग हादसे में 3 लोग घायल हो गए। 2 लोगों को आरबीएम अस्पताल में रेफर किया गया है। वहीं तीसरे घायल व्यक्ति का इलाज हलैना अस्पताल में जारी है। सेवर थाना इलाके में हुए एक हादसे में ड्राइवर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया है। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर भागा सेवर थाने के ASI रामवीर ने बताया कि नेशनल हाईवे 21 पर एक ट्रक ने दो बाइक सवार व्यक्तियों को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मौके पर सेवर और ऊंचा नगला चौकी पुलिस पहुंची, जिसके बाद दोनों घायलों को तुरंत आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। 2 बाइक सवार लोगों को आई गंभीर चोट हादसे में जगन्नाथ और डूंगर निवासी पतसाल(आगरा) घायल हो गए। दोनों व्यक्ति मजदूरी कर अपने घर जा रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक को एक 16 चक्का ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक को जब्त कर लिया गया। ट्रक के ड्राइवर की तलाश की जा रही है। आंधी की वजह से दो वाहन टकराए वहीं दूसरी तरफ छौंकरवाड़ा इलाके में एक ई-रिक्शा और एक बाइक में भिड़ंत हो गई। ई-रिक्शा भरतपुर की तरफ से रॉन्ग साइड आ रहा था। वहीं सामने से बाइक आ रही थी। ई-रिक्शा में 2 महिला और 1 बच्चा सवार था। घटना में ई-रिक्शा ड्राइवर देवी सिंह के सिर में चोट आई है। दुर्घटना तेज आंधी की वजह से हुई। आंधी के कारण दोनों वाहनों के ड्राइवर को वाहन दिखाई नहीं दिए।